फेसबुक पर मिल रही धमकी
शामली। मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी नफीस ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी फेसबुक पर कुछ लोगों ने धमकी दी है। उन्होंने बताया कि धमकी के चलते वह और उसका परिवार डरा हुआ है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
हजारों की नकदी के साथ दो सटोरिया पकड़े
शामली। कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला आर्यपुरी में छापा मारकर मनोज निवासी खेड़ीकरमू और सागर निवासी मोहल्ला आर्यपुरी को सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12,980 रुपये, दो मोबाइल फोन, केलकुलेटर और खाईबाड़ी से संबंधित कागजात बरामद किए।
छात्र पर हमला
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत में आधा दर्जन युवकों ने लाठी डंडों से हमला कर छात्र को घायल कर दिया। कस्बा बनत निवासी वरदान कक्षा 11 का छात्र है। बृहस्पतिवार शाम को वह बाइक पर सवार होकर शामली से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। जब वह कस्बे में बस स्टैंड के समीप पहुंचा तो वहां पहले से खड़े आधा दर्जन से अधिक युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी और फरार हो गए। घायल छात्र का अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।