अमर उजाला ब्यूरो
शामली। दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का विद्युतीकरण का कार्य अब दिल्ली डिविजन को सौंपा गया है। पहले यह कार्य अंबाला डिविजन को सौंपा गया था। मगर, विद्युतीकरण में हो रही देरी के कारण इसे दिल्ली डिविजन को सौंप दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि टेंडर खुलने के पांच-छह माह में कार्य पूरा हो पाएगा।
दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग के विद्युतीकरण-दोहरीकरण कार्य तीन साल पहले स्वीकृत किया गया था। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा दिसंबर 2016 में कैराना लोक सभा क्षेत्र के नानौता रेलवे स्टेशन पर आधार शिला रख चुके है। विद्युतीकरण कार्य पूरा कराने के लिए अंबाला डिविजन को कार्य भार सौंपा गया था। दो वर्षों में अभी तक विद्युतीकरण का सिर्फ हाइट गेज बैरियर तक का ही कार्य पूरा हो पाया है। जबकि अक्टूबर 2018 तक यह कार्य पूरा होना था। इस कारण दिल्ली की कंपनी का टेंडर एक माह पूर्व निरस्त कर दिया गया था। दिल्ली की कंपनी सिर्फ विद्युत पोल के गड्ढे बागपत के खेकड़ा तक ही खोद पाई है। अब दिल्ली- शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग के विद्युतीकरण कार्य अंबाला डिविजन से हटाकर उत्तर रेलवे नई दिल्ली को स्थानांतरित कर दिया गया है। अंबाला डिविजन के मुख्य परियोजना प्रबंधक हरिमोहन मीणा ने बताया कि दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे ट्रेक के विद्युतीकरण कार्य उत्तर रेलवे नई दिल्ली को स्थानांतरित करने का पत्र प्राप्त हो गया है। उनका कहना है कि टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के बाद अगले साल जून तक पूरा होने की उम्मीद है।
रेलवे ट्रेक का दोहरीकरण, सिंगल लाइन का विद्युतीकरण
शामली। दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे ट्रेक का दोहरीकरण व सिंगल लाइन का विद्युतीकरण कार्य प्रस्तावित है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सिंगल लाइन का विद्युतीकरण पूरा होने के बाद दोहरी लाइन का विद्युुतीकरण किया जाएगा।