पात्रों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
कैराना। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित प्रत्येक पात्र को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ब्लॉक परिसर में आयोजित सर्वेक्षण बैठक का आयोजन किया गया।
सोमवार को खंड विकास कार्यालय में स्थित सभाकक्ष में तहसीलदार रणबीर सिंह की अध्यक्षता में ग्रामीण आंचल में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वंचित पात्र गृहस्थी तक पहुंचाने के उद्देश्य से सर्वेक्षण कार्य के लिए बैठक का आयोजन किया गया। ब्लॉक अधिकारियों ने गांव सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व एएनएम को सरकार के स्पष्ट आदेशों से अवगत कराया। बताया कि पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला की पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, अंत्योदय कार्ड, पात्र गृहस्थी कार्ड, मुख्यमंत्री आवास, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि उपरोक्त योजनाओं के अंतर्गत पात्र परिवारों का चयन खुली बैठक में 25 व 26 तारीख में प्रत्येक गांव में किया जाएगा। बैठक में आपूर्ति निरीक्षक संजय कुमार सक्सेना, बीडीओ गोपाल कृष्ण चौधरी, एडीओ धर्मसिंह आदि मौजूद रहे।
आंगनबाड़ियों ने किया बैठक का बहिष्कार
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने अधिकारियों पर ग्राम सचिवों की जिम्मेदारी को उन्हें सौंपने तथा दबाव देकर कार्य कराने का आरोप लगाया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बैठक का बहिष्कार किया और बैठक से उठकर चली गई।