कैराना। 15 जुलाई से पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध के आदेशों के अनुपालन में नगर पालिका परिषद द्वारा बाजारों में शुक्रवार को जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पॉलीथिन के प्रयोग को स्वास्थ्य के बारे में हानिकारक बताने के साथ ही इसके प्रयोग न करने की अपील की गई।
सुबह नौ बजे नगर पालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में पालिका कर्मियों ने पॉलीथिन कैरीबेग पर होने जा रहे प्रतिबंध को लेकर शासन के निर्देशानुसार नगर में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नगर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज रोड, चौक बाजार, जोड़ियां कुआं, शामली बस स्टैंड, बेगमपुरा आदि पर दुकानदारों तथा नगरवासियों को पॉलीथिन के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। बताया गया कि पॉलीथिन के प्रयोग से नाले तथा नालियों के अवरुद्ध होने से सफाई व्यवस्था बाधित हो जाती है, जिस कारण बीमारियों के पैर पसारने का खतरा पैदा हो जाता है। दैनिक सफाई व्यवस्था में एकत्र कूड़े-कचरे में पॉलीथिन होने से उसके डिस्पोजल में उत्पन्न होने वाली समस्या गंभीर है। पॉलीथिन से पालिका क्षेत्र के कूड़े-कचरे से बनने वाला कंपोस्ट खाद प्रक्रिया समाप्त-सी हो गई है।
पॉलीथिन में रखकर खाद्य पदार्थों का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। दूध, दही, चाय व अन्य पदार्थों के पॉलीथिन के प्रयोग से कैंसर जैसी अनेक प्राणघातक बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। पालिका कर्मियों ने पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील की है। इस दौरान सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल कुमार, अवर अभियंता सिविल सूरज कुमार शर्मा, जेई जल उमेश कुमार, तासीम अली, कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार, इनाम हसन, इरशाद अली, सुभाषचंद्र, राजकुमार, मौहम्मद असलम, अबसार, इकबाल आदि पालिका कर्मी मौजूद रहे।