एसपी बंगले पर पीआरओ सेल में तैनात सिपाही मोबाइल चार्जर में करंट आने से झुलस गया। करंट लगने के दौरान वह ड्यूटी पर तैनात था। उसको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक आवास पर पीआरओ सेल में तैनात सिपाही आनंद अपने मोबाइल पर बात कर रहा था। मोबाइल इस दौरान चार्जिंग पर लगा हुआ था। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे अचानक उसको तेज करंट का झटका लगा, जिससे वह झुलस गया। झुलसने के कारण वह काफी घबरा गया। उसकी चीखपुकार सुनकर पीआरओ सेल में काम कर रहे अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने आनंद को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बंगले पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना एसपी देवरंजन वर्मा को दी। उस समय एसपी लखनऊ में थे। उन्होंने मामले के संबंध में एसई सुनील कपूर से मामले से अवगत कराया। इसके बाद, जेई अजब सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इस संबंध में एसई सुनील कपूर का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। एसपी बंगले में लाइन में कुछ फाल्ट आ गया था, जिस कारण हाई वोल्टेज आ गई और चार्जर के माध्यम से करंट लग गया। इस मामले को दिखवाया जाएगा। दूसरी ओर, विशेषज्ञों के मुताबिक मोबाइल चार्ज करते समय बातचीत से बचना चाहिए। लोगों को खुद इस बात का सतर्कता के तौर पर ध्यान रखना चाहिए। कभी कभार बैट्री फटने के कारण भी हादसे होते आए हैं।