गांव हसनपुर लुहारी में एक साथ तीन ट्रांसफार्मरों में लगी आग
जलालाबाद। जलालाबाद क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी में एक साथ तीन ट्रांसफार्मरों में आग लग गई। ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीण बेहद परेशान नजर आए। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मरों के बदलवाने की मांग की है।
जलालाबाद के हसनपुर लुहारी के मोहल्ला घूमरा वाल्मीकि बस्ती के पास विद्युत निगम के एक ही स्थान पर तीन ट्रांसफार्मर बिजली आपूर्ति के लिए लगे हुए हैं। मंगलवार दोपहर विद्युत आपूर्ति के समय अचानक एक ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो जाने के कारण आग लग गई। ट्रांसफार्मर धू धू कर जलने से पास में ही रखे हुए अन्य दो ट्रांसफार्मर भी आग की चपेट में आने के कारण जल गए। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को फोन कर मौके पर बुलाया। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद हो जाने के बाद मिट्टी, रेत आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया। फायर ब्रिगेड ने आकर आग पर काबू पाया। इस बारे में विद्युत निगम के जेई आलोक कुमार से जानकारी ली गई तो उनका कहना था कि तूफान के कारण किसी लाइन में फाल्ट हो जाने के कारण व गांव का गर्मी के मौसम में लोड बढ़ जाने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से मांग की है कि रमजान के महीने को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द खराब हुए सभी ट्रांसफार्मर को ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति को सुचारु किया जाए। इस दौरान आरजू, बब्बल खान, नसीम अहमद, शरीफ अहमद, सरफराज नरेश आदि रहे।