भाजपाइयों ने चुनाव के लिए कमर कसी
शामली। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य एवं कैराना लोकसभा चुनाव की प्रभारी कांता कर्दम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे में दर्ज मुकदमों को वापस लेने के लिए निर्देश दिए हैं। डीएम से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जल्द ही प्रदेशभर के नगर निकायों में सफाई कर्मचारियों की स्थायी भर्तियां निकाली जाएगी, जिसमें वाल्मीकि समाज को वरीयता दी जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कैराना उपचुनाव की तैयारियां में जुटने का आह्वान किया।
बृहस्पतिवार की शाम कैराना लोकसभा उप चुनाव की प्रभारी कांता कर्दम शहर के मोहल्ला नंदू प्रसाद स्थित महर्षि वाल्मीकि कुटी आश्रम में समस्याएं सुन रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगों में दर्ज मुकदमों को वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह से मुलाकात कर दंगों में दर्ज मुकदमों से संबंधित रिपोर्ट तलब की गई है। जिलाधिकारी ने शीघ्र ही रिपोर्ट शासन को भेजने का आश्वासन दिया है। सरकार द्वारा शीघ्र ही प्रदेशभर के नगर निकायों में स्थायी सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी, जिसमें वाल्मीकि समाज को वरीयता दी जाएगी। जल्द ही कैराना उप चुनाव की घोषणा होने वाली है। उन्होंने समाज के सभी कार्यकर्ताओं से उप चुनाव में जुटकर भाजपा प्रत्याशी को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक तेजेंद्र निर्वाल, अंकुर राणा, एससी मोर्चा के अध्यक्ष सतेंद्र धीरयान एडवोकेट, एसपी मोर्चा के महामंत्री घनश्याम पारचा, पूनम राणा, सोमदत्त गहलोत, राधेश्याम पारचा, वासु सिलेलान, जितेंद्र चंद्रा, महेश चंद्र भूषण, प्रदीप कुमार, श्रवण कैशला, मन्नू, पंकज, राजू, रविंद्र आदि मौजूद रहे।