शामली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में हिंदू और मुस्लिम युवक युवतियों की शादी के लिए पंडित फेरे कराएंगे जबकि निकाह कराने के लिए मौलवी मौजूद रहेंगे। समारोह में खाना, टेंट, माइक और सजावट आदि कार्यों पर करीब चार लाख रुपये खर्च होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर बर्तन, कपडे़, मोबाइल आदि सामान खरीद लिया गया है।
जिला मुख्यालय पर पहली बार होने वाला मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम शहर के भैंसवाल रोड स्थित वेदांश विवाह मंडप में 19 फरवरी को किया जाएगा। इसमें प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा मुख्य अतिथि रहेंगे और नव दंपतियों को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम स्थल पर चार मंडप बनाकर सजाया जाएगा। 80 जोड़ी की शादी होगी। जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार ने बताया कि प्रत्येक दुल्हन के खाते में 20 हजार रुपये की नकद धनराशि भेजी जाएगी, जबकि दस हजार रुपये कीमत में पायल, बिछुए, एक मोबाइल फोन, बर्तनों का सेट, साड़ी, शूट, घड़ी, दूल्हे को सफारी शूट का कपड़ा, पगड़ी, मोरी भेंट की जाएगी। कार्यक्रम में दूल्हा-दुल्हन को शादी प्रमाणपत्र भी साथ में दिया जाएगा। समारोह में करीब 800 लोग पहुंचेंगे। उन लोगों के लिए खाने की व्यवस्था भी रहेगी।