शामली। शहर में राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज और राष्ट्रीय किसान (पीजी) कॉलेज की प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को उसके लिए किसान विद्या सभा के सदस्यों के नामांकन पत्र जमा हुए, जो सदस्यों के कुल पदों के सापेक्ष ही हैं।
दरअसल, इन दोनों कॉलेजों का संचालन किसान विद्या सभा द्वारा किया जाता है। किसान विद्या सभा ही आरके इंटर कॉलेज और आरके पीजी कॉलेज की प्रबंध कार्यकारिणी का चुनाव करती है। इसी लिहाज से रविवार को झिंझाना रोड स्थित महिला छात्रावास में किसान विद्या सभा के सदस्यों के चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी जयकुमार के समक्ष नामांकन पत्र जमा कराए गए। इसके बाद 18 फरवरी को चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। इस दौरान डॉ. सत्येंद्र वर्मा, उमेश सिंह, विनय शिवाच, ज्ञानेंद्र मलिक, धीरजपाल, सुरेश पाल, प्रेमपाल सिंह और लोकेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।