भाजपा नेताओं ने नगर पंचायत थानाभवन के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर चेयरपर्सन पति द्वारा सफाई कर्मियों की बैठक लेने पर विरोध जताया। ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी कि अगर संवैधानिक व्यवस्था के उल्लंघन की पुनरावृत्ति हुई तो इस संबंध में मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।
नगर पंचायत थानाभवन में मंगलवार को अधिशासी अधिकारी की गैर मौजूदगी में चेयरपर्सन रफत परवीन के पति इंतजार अजीज ने सफाई कर्मियों की बैठक ली थी। इसी मामले को लेकर बुधवार की दोपहर भाजपा नेता नरेंद्र सैनी अन्य कार्यकर्ताओं के साथ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अधिकारी रवि यादव से मुलाकात करके ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा कि जब नगर पंचायत अध्यक्ष रफत परवीन हैं, तो उनके पति कर्मचारियों की बैठक कैसे ले सकते हैं? ऐसा कदम महिला सशक्तिकरण के पूर्णतया विपरीत है, यदि इसकी दोबारा पुनरावृत्ति हुई तो आला अधिकारियों के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। इस दौरान नगर महामंत्री विशाल गोयल, नगर संयोजक बजरंग दल सन्नी सैनी, अमित सैनी, हरीश सिंघल, भाजपा के मंडल प्रभारी महेश गोयल, बलबीर, अश्वनी, ब्रह्म पाल और नीरज आदि मौजूद रहे।