परिषदीय स्कूलों में छात्रों को नहीं मिले जूते
शामली। ठंड बढ़ने के बावजूद भी परिषदीय स्कूलों में जूतों का वितरण नहीं हुआ।
प्रदेश में सपा सरकार के दौरान परिषदीय स्कूलों में बैग वितरण करने की योजना शुरू की गई थी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही बच्चों को जूते और मोजे के साथ ही स्वेटर बांटने की घोषणा कर डाली। सरकार ने तेजी के साथ बैग बच्चों को तो वितरित कर दिया। हालांकि जूते, मोजे और और स्वेटर बांटने की योजना अभी पूरी तरह परवान नहीं चढ़ पाई है। जनपद में लगभग 750 परिषदीय स्कूल संचालित है, जिनमें लगभग 72 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत है। बच्चों को बांटने के लिए जनपद में नवंबर माह में ही जूते पहुंच चुके थे। अभी तक इन जूतों का बीआरसी पर ही सत्यापन कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो पाया है। वहीं, बच्चे अभी भी कड़ाके की ठंड के चलते चप्पलों में ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। कुछ शिक्षक और शिक्षिकाओं से पूछने पर बताया कि बीआरसी पर जूतों और मोजे के लिए कई बार चक्कर काट चुके हैं, लेकिन आजकल बच्चे ठंड से ठिठुर रहे है।
-वर्जन-
जूते पहुंच चुके हैं। कुछ सप्लाई आनी शेष रह गई है। सत्यापन कराते हुए वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। स्वेटर के लिए ई- टेंडरिंग हो चुकी है। केवल अनुमति मिलनी बाकी है। आपूर्ति होते ही इसका भी वितरण शुरू कर दिया जाएगा। चंद्रशेखर बेसिक शिक्षा अधिकारी