कार ने बाइकों में मारी टक्कर, छह घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना।
पानीपत रोड पर पंजीठ बिजली घर के पास तेज गति से आ रही कार ने तीन बाइकों में टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से बाइक सवार इस्सोपुर टील इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और उनकी पुत्रवधू सहित छह लोग घायल हो गए, जबकि तीसरा बाइक सवार युवक मामूली चोट लगने के कारण वहां से चला गया।
रविवार शाम पांच बजे पानीपत रोड पर पंजीठ बिजली घर के पास पानीपत की ओर से तेज गति से आ रही कार ने एक के बाद एक करके तीन बाइकों में टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से पानीपत की ओर से बाइक से अपनी पुत्रवधू बबली और एक वर्षीय पौत्री भावना के साथ आ रहे थे। कांधला निवासी और इस्सोपुर टील के इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रीतम सिंह, उनकी पुत्रवधू बबली, दूसरी बाइक पर यमुना पुल के पास एक मकान में टाइल पत्थर लगा कर लौट रहे राजमिस्त्री आसिफ, गुलजार निवासी मोहल्ला अफगानान, नाजिम निवासी कांधला, मुरसलीन निवासी नई बस्ती घायल हो गए। हादसे में बबली की एक साल की बेटी भावना को कोई चोट नहीं लगी। तीसरी बाइक पर सवार युवक मामूली चोट लगने के कारण वहां से चला गया। हादसे के बाद आरोपी कार चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते मुरसलीन निवासी नई बस्ती को रेफर कर दिया।