मतगणना के लिए तैयारियां पूरी
शामली। नगर निकायों की मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली है। प्रत्येक नगरीय निकाय की एक मतगणना टेबिल पर सामान्यता पांच मतदान स्थलों के मतों की गणना की जाएगी। एक वार्ड के सभी मतदान स्थलों के मतों की गणना एक या दो मेजों पर कराई जाएगी।
एडीएम शिवबहादुर सिंह ने बताया कि मतगणना स्थल हाल में अंदर आने वाला एक ही रास्ता होगा। हाल के अंदर ही दोनों तरफ एक गलियारा होगा, जो गणना अभिकर्ताओं के बैठने अथवा खड़े होने के लिए रहेगा। एक मतगणना मेज पर चार कुर्सियां होगी, जिनमें एक गणना पर्यवेक्षक व तीन गणना सहायकों के लिए अंदर जाने वाले रास्तों के विपरीत दिशा में कोने में दरी बिछाकर मतों की गणना व अपेक्षित पैकेट को सील बंद करने की व्यवस्था होगी। बीच में आठ फीट का रास्ता, मतगणना कार्य में लगे कर्मियों तथा अन्य स्टाफ के चलने फिरने के लिए छोड़ा जाएगा। प्रकाश के लिए प्रत्येक मेज पर एक ट्यूबलाइट और एक बल्ब की व्यवस्था होगी। मतगणना हाल में एक जनरेटर या पर्याप्त मात्रा में इमरजेंसी लाइट की वैकल्पिक व्यवस्था भी होगी। मतगणना के दौरान चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी को निर्वाचन अभिकर्ता व गणक अभिकर्ता मतदान के अंदर रह सकते हैं। एक समय में कोई एक व्यक्ति प्रत्येक मतगणना मेज पर व मतगणना करने में अपनी सहायता के लिए रिटर्निंग अधिकारी द्वारा व्यक्ति नियुक्त किया जा सकता है। प्रत्येक नगरीय निकाय की मतगणना एक दिन के अंदर पूरी होगी।