गंगेेेरु रोड पर ट्रक और टैंपू की आमने-सामने की भिड़ंत में चालक सहित चार युवक घायल हो गए। सभी घायलों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ीदौलत निवासी सुफियान गंगेेेरु कांधला मार्ग पर टैंपू चालक है। सोमवार दोपहर वह अपने टैंपू में गंगेरू से सवारी लेने के बाद कस्बे के लिए रवाना हुआ था। गांव गढ़ीदौलत मोड़ के समीप एक ट्रक ने उसमें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद टैंपू सड़क किनारे खाई में जा गिरा। टैंपू में सवार गांव गढ़ीश्याम निवासी अंत कुमार, गांव गंगेरू निवासी सुमित व सागर के साथ चालक सुफियान घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को वहां से निकालकर सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के आने से पूर्व ही चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। घायलों को गंभीर अवस्था में पुलिस ने कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराने के बाद सूचना उनके परिजनों को दी। चिकित्सक ने सभी घायलों की हालत को नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मामले में थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि उन्हें मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।