डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में जितने भी कार्य चल रहे हैं, यदि वह निर्धारित समय पर पूर्ण नहीं होते हैं अथवा प्रगति खराब होती है, तो संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट में डालकर उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। जनपद में 40 करोड़ की लागत से बनाई जा रही सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उसमें डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सड़कों का निर्माण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए। समीक्षा में पता चला कि एकाध ठेकेदार को छोड़कर अन्य किसी ने भी निर्धारित समय का कार्य पूर्ण नहीं किया है। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए परियोजना निदेशक को निर्देश दिया कि संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नोटिस जारी करें तथा लापरवाही के चलते इनको ब्लैक लिस्ट में डाला जाए, ताकि भविष्य में इन्हें कोई ठेका नहीं मिल पाए।
साथ ही ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा सड़कों के निर्माण कराने और मॉनिटरिंग में लापरवाही बरतने पर फटकार भी लगाई। लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के इंजीनियरों को निर्देश दिया कि वह मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करें। बैठक में परियोजना निदेशक संजय कुमार, जवाहर सिंह अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता दिनेश सिंघल सहित कई निर्माण फर्मों के ठेकेदार भी मौजूद रहे।