शामली/कैराना/ऊन। मंगलवार को जिले की तीनों तहसीलों में आयोजित तहसील दिवस में जनसमस्याओं को सुना गया। तीनों तहसीलों में 141 शिकायतें पहुंची। इनमें से मात्र 11 का ही मौके पर निस्तारण हो गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे अधिकारियों ने शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ऊन में तहसील दिवस डीएम की अध्यक्षता में हुआ। कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। साथ ही जनसमस्याओं का निस्तारण भी जरूरी है।
लंबित 18 शिकायतों का निस्तारण न होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। साथ ही अनुपस्थित रहे कृषि उपनिदेशक हरेंद्र उपाध्याय व सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता तथा बंदोबस्त अधिकारी का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने गांव खोड़समा, टोड़ा, बल्लामाजरा में आग से नष्ट हुई फसल के मुआवजे के चैक किसानों को बांटे।
इस दौरान 14 किसानों को एक लाख 97 हजार रुपये के चैक वितरित किए गए। ऊन तहसील दिवस में कुल 51 शिकायतें पहुंची, इनमें से तीन का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान एसपी विजय भूषण, सीडीओ वीके सिंह, सीएमओ विनीता अग्निहोत्री, एसडीएम महेंद्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
कैराना में एडीएम भरत पांडे की अध्यक्षता में तहसील दिवस हुआ। तहसील दिवस में कुल 55 शिकायतें पहुंची। इनमें से छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान एडिशनल एसपी अनिल कुमार झा, एसडीएम कैराना इंद्रसैन यादव, तहसीलदार कैराना अभय राज पांडेय आदि मौजूद रहे।
उधर, शामली में तहसील दिवस एसडीएम श्याम अवध चौहान की अध्यक्षता में हुआ। गांव खेड़ीकरमू निवासी केलावती ने शिकायत कर बताया कि उसके प्लाट पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। बाबरी के गांव भंदौडा निवासी कुलदीप शर्मा ने बताया कि गांव में आवासीय आवंटन एससी के लोगों को हुआ था, लेकिन इसका अमल दरामद अभिलेखों में दर्ज नहीं किय गया।
उधर, कांधला के गांव पंजोखरा निवासी अंतीदेवी ने बताया कि उसका वृक्षारोपण के पट्टों के लिए चयन किया गया, लेकिन आज तक भी पट्टा आवंटित नहीं किया गया। इस दौरान तहसील दिवस में 35 समस्याएं पहुंची, इनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण हो गया। मौके पर सीओ भूषण वर्मा, नायब तहसीलदार देवेंद्र पांडेय, नायब तहसीलदार नितिन तनेजा, एसीएमओ डॉ. नेतराम, पूर्ति निरीक्षक कंवर सैन आदि रहे।