शामली। शासन ने ग्राम पंचायतों के आरक्षण का खाका तैयार कर दिया है। इसके अलावा ब्लॉकों में आरक्षित रहने वाली और अनारक्षित सीटों का ब्यौरा भी जिलों को भेज दिया गया है।
जिले की 230 ग्राम पंचायतों में से 11 ग्राम पंचायतें अनुसूचित जाति महिला के लिए तथा 18 पंचायतें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगी। इस तरह कुल 29 पंचायतें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रहेंगी। 23 ग्राम पंचायतें अन्य पिछड़ा वर्ग महिला तथा 41 पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रहेंगी। 44 ग्राम पंचायतें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी जबकि 93 पंचायतें अनारक्षित रहेंगी। शामली ब्लॉक में कुल 34 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से दो एससी महिला, तीन एससी, चार ओबीसी महिला, छह ओबीसी तथा छह पंचायतें महिला के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि 13 पंचायतें अनारक्षित होंगी।
कांधला ब्लॉक की 33 पंचायतों में से एक एससी महिला, दो एससी, तीन ओबीसी महिला, छह ओबीसी तथा सात महिला के लिए आरक्षित होंगी। 14 पंचायतें अनारक्षित रहेंगी। कैराना ब्लॉक की 42 ग्राम पंचायतों में से एक एससी महिला, एक एससी, चार ओबीसी महिला, आठ ओबीसी तथा नौ महिला के लिए आरक्षित होंगी। शेष 19 अनारक्षित रहेंगी।
ऊन ब्लॉक की 71 ग्राम पंचायतों में से चार एससी महिला, छह एससी, सात ओबीसी महिला, 13 ओबीसी तथा 13 पंचायतें महिला के लिए आरक्षित होंगी। शेष 28 पंचायतें अनारक्षित रखी जाएंगी। थानाभवन ब्लॉक की 50 ग्राम पंचायतों में से तीन एससी महिला, छह एससी, पांच ओबीसी महिला, आठ ओबीसी तथा नौ महिला के लिए आरक्षित रहेंगी। शेष 19 पंचायतें अनारक्षित रहेंगी।