कैराना में यमुना नदी का बढता जलस्तर
- फोटो : SHAMLI
कैराना। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के चलते यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। शुक्रवार को ताजो वाला बांध पर पानी का दबाव बढ़ने से यमुना में 25831 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा गया। छोड़ा गया पानी शनिवार तक कैराना पहुंचने का संभावना है।
करीब दस दिन पहले ताजो वाला बांध से यमुना में 43 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़कर समुद्र तल से 229.6 मीटर ऊंचाई पर पहुंच गया था। पानी का दबाव कम होने के कारण जलस्तर घटकर 229 मीटर के आसपास चल रहा था। पहाड़ों पर बारिश के चलते शुक्रवार को ताजो वाला बांध पर पानी का दबाव बढ़ गया, जिसके चलते शुक्रवार सुबह छह बजे ताजो वाला बांध से यमुना नदी में 25831 क्यूसेक (घन फिट) पानी प्रति सेकेंड छोड़ा गया।
ताजो वाला बांध के कंट्रोल रूम हथिनीकुंड बैराज के कंप्यूटर आपरेटर सोनू ने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे यमुना में 25831 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा गया। बाद में सुबह 10 बजे घटकर 11 हजार 046 क्यूसेक रह गया था, लेकिन इसके बाद फिर से ताजो वाला बांध पर पानी का दबाव बढ़ने के कारण अपराहन तीन बजे यमुना में छोड़े जाने वाले पानी का मात्रा 17826 क्यूसेक प्रति सेकेंड हो गई। यह पानी के शनिवार को कैराना पहुंचने पर यमुना का जलस्तर बढ़ने की संभावना है।
कैराना में यमुना नदी का बढता जलस्तर- फोटो : SHAMLI