शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मुठभेड़ में हत्या में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अवैध दो पिस्टल, एक तमंचा, चाकू व कारतूस बरामद हुए हैं।
शनिवार को एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि थाना आदर्श मंडी पुलिस एवं एसओजी टीम से कुड़ाना रोड पर हुई मुठभेड़ में तीन युवक गिरफ्तार हुए हैं। उनके कब्जे से अवैध दो पिस्टल, एक तमंचा, एक चाकू, 11 कारतूस और दो खोखे बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों के नाम लक्की उर्फ सागर राणा निवासी मोहल्ला प्रतापनगर बनत, चिंटू उर्फ आयुष राणा निवासी मोहल्ला जवाहर नगर बनत और सचिन चौहान निवासी हिरनवाड़ा थाना बाबरी है।
एसपी ने बताया कि नौ सितंबर को कस्बा बनत में बस स्टैंड पर दो पक्षों में पूर्व के विवाद की रंजिश में हुए झगड़े में बनत निवासी समीर को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय मृत्यु हो गई थी। इस घटना में परिजनों की तरफ से चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस घटना में लक्की उर्फ सागर राणा वांछित चल रहा था। इसके अलावा वह देहरादून के थाना विकासनगर से भी हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। समीर की हत्या में दो आरोपी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि एक अन्य आरोपी अक्षय राणा अभी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों का चालान कर दिया।
शराब तस्करी में दो गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को चेकिंग के दौरान शराब तस्करी करने के आरोप में रविंद्र निवासी गांव खेड़ीकरमू और प्रवेश निवासी मोहल्ला शीतल नगर शामली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 बोतल देसी रसीला संतरा मार्का, 24 पव्वे अंग्रेजी अरुणाचल प्रदेश मार्का और एक चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।