कैराना पुलिस द्वारा पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान 25 हजार के इनामी अंतरराज्यीय बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हरियाणा और यूपी में अवैध हथियार रखने, लूट और चोरी के 21 मुकदमे दर्ज है। सहारनपुर पुलिस की ओर से भी उस पर 15 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
एसपी अजय कुमार पांडेय द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन चक्रव्यूह के दौरान कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा अपनी टीम के साथ शामली बाईपास पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान खुरगान की तरफ से तेज गति से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो उसने भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे दबोच लिया। पुलिस ने बाइक की टंकी पर रखे एक बोरे को खोल कर देखा तो उसके अंदर से पांच किलो डोडा बरामद हुआ। आरोपी के पास से पुलिस ने 12 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए। बाइक के कागजों की जांच की तो पता चला कि वह भी पानीपत से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी अंकित निवासी गांव अकबरपुर सुनहेटी को गिरफ्तार करके चालान कर दिया। कोतवाल के अनुसार अंकित पर हरियाणा और यूपी में अवैध हथियार रखने, लूट और चोरी आदि मामलों के 21 मुकदमे दर्ज हैं। अंकित पर सहारनपुर एसपी द्वारा 15 हजार और शामली एसपी द्वारा 25 हजार का इनाम घोषित है। इनके अलावा भी आरोपी का हरियाणा और अन्य जनपदों में आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।