एसपी के निरीक्षण में खुली बैंकों की सुरक्षा की पोल
शामली। एसपी ने शहर के पांच बैंकों में जाकर वहां जांच पड़ताल की तो सुरक्षा की पोल खुल गई। सुरक्षा गार्ड लापरवाह मिले। एक बैंक में सीसीटीवी कैमरे भी घटिया थे। पिक्चर भी धुंधली नजर आ रही थी। एसपी ने बैंक प्रबंधकों को सुधार की हिदायत देते हुए साफ कह दिया कि यदि उनकी लापरवाही से कोई घटना हुई तो उन्हें भी केस में 120 बी का आरोपी बनाया जाएगा।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि वर्मा मार्केट स्थित केनरा बैंक के निरीक्षण में बैंक का गार्ड काफी लापरवाह मिला। बैंक में आने वालों पर भी उसका ध्यान नहीं था। उसकी उम्र भी काफी कम थी। बैंक के सीसीटीवी कैमरों की पिक्चर भी धुंधली थी। चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे थे। बकौल एसपी इसी बैंक से कुछ दिन पूर्व एक महिला नगदी लेकर गई थी और कुछ दूर उससे लूटपाट हो गई थी। एसपी ने बताया कि एसबीआई, ओबीसी, पंजाब नेशनल बैंक और गुलशन बैंक का भी निरीक्षण किया गया और प्रबंधकों को सुधार की हिदायत दी गई। एसपी ने बताया कि बैंकों को अपनी सिक्योरिटी के पर्याप्त इंतजाम रखने चाहिए। सीसीटीवी कैमरे अच्छी क्वालिटी के होने चाहिए। एसपी ने बताया कि यदि केस में बैंक की सुरक्षा में बैंक स्तर से कोई लापरवाही नजर आई तो बैंक प्रबंधक को भी उसका जिम्मेदार मानकर उन्हें भी 120 बी का आरोपी बनाया जा सकता है। इसके लिए प्रबंधकों को साफ हिदायत दे दी गई है।
बैंकों की सुरक्षा के लिए जरूरी
-सीसीटीवी कैमरे अच्छी क्वालिटी के हों।
-बैंक में सायरन होना चाहिए ।
-बैंक में सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था हो।
-बैंक में मोबाइल फोन का प्रयोग न हो।
-सिक्योरिटी गार्ड गेट पर होना चाहिए।
मेन गेट पर जंजीर बंधी होनी चाहिए।
मेडिकल स्टोर का किया निरीक्षण
शामली। पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना थानाक्षेत्र में प्रतिबंधित दवाओं के साथ पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद पता चला था कि उसने ये दवाएं शामली से खरीदी थी। इसी को देखते हुए एसपी अजय कुमार ने सोमवार शाम खुद शहर के पालिका मार्केट आदि कुल पांच मेडिकल पर जाकर जांच पड़ताल की। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों द्वारा दवाओं की बिक्री संबंधित रिकार्ड चेक किए । बकौल एसपी कुछ दर्द निवारक दवाएं अधिक मात्रा में लेकर नशे के रूप में उनका प्रयोग होता है। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को हिदायत दी कि वे बिना चिकित्सक के किसी को दवा न दें। दवा की बिक्री का पूरा रिकार्ड रखने को कहा गया। एसपी के अनुसार अगली बार वे ड्रग्स इंस्पेक्टर के साथ स्टोरों पर जांच करेंगे। यदि कहीं गड़बड़ी मिली तो संचालक पर कानूनी कार्रवाई होगी।
रोजाना शाम को चलेगा आपरेशन चक्रव्यूह
शामली। एसपी ने बताया कि रोजाना शाम को छह से साढ़े आठ बजे तक आपरेशन चक्रव्यूह चलाया जाएगा। इसमें बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग होगी। बॉर्डर के चेक पोस्ट चौकियों पर सघन जांच पड़ताल होगी। सभी सीओ थानाध्यक्ष अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त करेंगे। प्रति गश्त 20 मिनट की होगी। सोमवार को जिले भर में अभियान चलाकर विभिन्न मामलों के 40 आरोपियों को पकड़ा गया।