अमर उजाला ब्यूरो
शामली। अपना घर आश्रम के सदस्यों ने एक व्यक्ति को दो माह बाद उसके परिवार से मिलाया। युवक रोजी रोटी की तलाश में घर से निकला था। उसे एक माह पूर्व दयनीय हालत में अपना घर आश्रम में भर्ती कराया गया था।
13 अक्तूबर को कमलवीर वर्मा की सूचना पर एक असहाय युवक (22) अपना घर आश्रम में भेजा गया था। संस्था सदस्यों ने मासूम नाम देकर युवक की सेवा प्रारंभ की गई। अपना घर आश्रम में प्रभुजी सेवा में जुड़े डाक्टर अरुण रॉय के अथक प्रयासों से एक माह में युवक ठीक हो गया। इसके बाद उसने अपना नाम रमेश कुमार निवासी गांव सिकराहा बिशनपुर, पूर्णिया बिहार बताया और घर का मोबाइल नंबर दिया। इसकी सूचना पर सोमवार को उसके के भाई चंदन कुमार हांसदा, जीजा अनिल टुड्डू आश्रम पहुंचे, जिन्हें देख रमेश की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के लोगों ने बताया कि दो माह पूर्व रमेश रोजी रोटी के लिए घर से निकला था। अपने भाई को इस अवस्था में देखकर अचंभित भी हुए। इसके बाद रमेश परिजन साथ लेकर लौट गए।