अमर उजाला ब्यूरो
शामली। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर साधन समिति सचिव परिषद ने जिला सहकारी बैंक के बाहर धरना प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगे पूरी न हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि एक नवंबर से सभी सचिव व अन्य कर्मचारी हड़ताल पर है। पूरे प्रदेश की प्राथमिक सहकारी समितियों पर ताला लगा हुआ है। बावजूद इसके सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। इस दौरान परिषद ने प्राइमरी सहकारी समितियों के कर्मचारियों की भांति राजकीय कोष से नियमित वेतन का भुगतान करने, समितियों के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं सचिवों को उनके बकाया का भुगतान करने, पैक्स कर्मचारियों को भविष्य निधि, बीमा एवं पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने और दो वर्ष का अतिरिक्त सेवा विस्तार किया जाने की मांग रखी। कहा कि यदि सरकार ने अब भी उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया तो वह अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर नवनाथ पांडे, समय चंद पांडे, छत्रपाल सिंह, मोहनलाल गौड़, आशोक कुमार, एपी तिवारी, जयप्रकाश दूबे, विष्णुजीत पंवार आदि मौजूद रहे।