कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी : डीएम
शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने मोहर्रम महीने और श्रीगणेश महोत्सव के दौरान आपसी सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की। नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि साफ सफाई दुरुस्त रखें। विद्युत निगम के अधिकारियों से कहा कि जर्जर लाइनें तुरंत बदलवा दें तथा विद्युत आपूर्ति सुचारु रखें। उन्होंने कहा कि झांकियों के दौरान लाउडस्पीकर की व्यवस्था की अनुमति लेना भी जरूरी होगा।
मंगलवार को शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि मोहर्रम व गणेश चतुर्थी का पर्व आपसी सद्भाव व भाईचारे के साथ मनाया जाए। पर्व के दौरान किसी भी विभाग द्वारा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका को शहर में पर्याप्त साफ सफाई तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को जर्जर लाइनें तुरंत बदलवाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटी सी बात को होने वाले विवाद पर भी गंभीरता से तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि कोई भी नई परंपरा शुरू नहीं करने दी जाएगी। जैसे मोहर्रम का जुलूस निकलता है, वैसे ही निकलेगा और लाउडस्पीकर का प्रयोग करने से पूर्व संबंधित मजिस्ट्रेट से इनकी अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी विशेष ध्यान देने तथा आपत्तिजनक पोस्ट अथवा वीडियो वायरल करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के अवकाश पर नहीं जाएगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी केबी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, एसडीएम प्रशांत कुमार भारती, एसडीएम सुरजीत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार अत्री भी मौजूद रहे।
कैराना में हुई शांति समिति की बैठक
कैराना। मोहर्रम और श्रीगणेश चतुर्थी पर्व शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए कैराना कोतवाली में शांति समिति की बैठक हुई। इस दौरान सीओ कैराना राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि मोहर्रम और श्रीगणेश चतुर्थी को लोग मिल जुलकर आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ मनाएं। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने कहा कि पुलिस आप लोगों की सेवा में हर समय तत्पर है। इस दौरान एसएसआई सुनील दत्त, एसआई अमन सिंह, साजिद अली, सुभाष चन्द, एडवोकेट शगुन मित्तल, अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।