शामली। चीनी मिल का बकाया गन्ना भुुगतान किए जाने, बिजली की बढ़ी हुई दर वापस लिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर बुधवार को शुरू हुआ किसान यूनियन का धरना शाम को आश्वासन मिलने पर समाप्त कर दिया गया।
दोपहर 12 बजे किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने शामली सहकारी गन्ना समिति कार्यालय परिसर में आठ सूत्री मांगो को लेकर धरना दिया। गठवाला खाप के लांक थांबेदार चौधरी राजवीर सिंह की अध्यक्षता में धरने में शामली चीनी मिल के किसानों का बकाया गन्ना भुगतान अविलंब कराने, बिजली के बिलों की बढ़ी हुई दर वापस लिए जाने, किसानों को नलकूपों के बिजली उपलब्ध कराए जाने, किसानों को संपूर्ण कर्जा माफ कराने, बिना ब्याज के किसानों को कर्जा दिलाए जाने व गन्ना समिति शामली में पूछताछ केंद्र की स्थापना कराने व बेरोजगारों के नौकरी में आवेदन शुल्क समाप्त किए जाने व समान शिक्षा प्रणाली शुरू करने की मांग की। किसान यूनियन कार्यकर्ताओं के धरना स्थल पर डीएम व डीसीओ को बुलाने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, तो किसान शामली चीनी मिल की ओर कूच करेंगे। जिसके बाद धरनास्थल पर शामली सहकारी गन्ना समिति के सचिव मुकेश राठी, शामली मिल के अतिरिक्त गन्ना महाप्रबंधक नरेश कुमार, गन्ना प्रबंधक कर्ण सिंह सरोहा, दीपक राणा, उपगन्ना प्रबंधक पहुंच गए।
किसानों ने फरवरी और मार्च का बकाया भुुगतान किए किए जाने की मांग की। आखिर में फरवरी तक का बकाया भुगतान 15 सिंतबर तक किए जाने की मांग की। चीनी मिल के गन्ना प्रबंधकों व शामली सहकारी गन्ना समिति के सचिव मुकेश राठी ने आश्वासन दिया कि फरवरी का बकाया गन्ना भुगतान 15 सितंबर तक कराया जाएगा। शाम के चार बजे एसडीएम सदर अरविंद कुमार सिंह ने किसान यूनियन कार्यकर्ताओं की मांगों का ज्ञापन लिया। समिति सचिव के आश्वासन पर धरना समाप्त करने की घोषणा की। धरना स्थल पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमित बंसला, राष्ट्रीय सचिव विक्रांत चौधरी, प्रदेश महासचिव संजीव चौधरी, जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष विक्की चौधरी, मैनपाल सिंह, सचिन कौशिक, युवा जिला महा सचिव सजीव आचार्य, सोराज, रविंद्र, ओमवीर सिंह, अंकुश चौधरी, जाट महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूराम पंवार, प्रवीण तरार, शीशपाल सिंह सुनील प्रधान, नेपाल झाल, ब्रह्म सिंह, विनोद सोमपाल सिंह ने विचार व्यक्त किए।
संगठन के राष्ट्रीय सचिव विक्रांत चौधरी ने बताया कि शामली चीनी मिल की ओर से समिति सचिव ने फरवरी तक का बकाया भुगतान 15 सितंबर तक कराने का आश्वासन दिया। 15 सितंबर तक शामली चीनी मिल ने फरवरी का बकाया भुगतान नही किया, तो वह शामली कोतवाली में पहुंचकर घेराव करके शामली मिल मालिकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।