जिला बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
शामली। जनपद में जिला जज कोर्ट की स्थापना की सुगबुगाहट फिर प्रारंभ हो गई है, जिसके चलते जिला बार एसोसिएशन ने मांग की है कि जिला जज न्यायालय की स्थापना जिला मुख्यालय पर ही होनी चाहिए।
इस संबंध में बुधवार को जिला बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजेंद्र कुमार सिंह, नीलकमल, राजेश आर्यन, चंद्रभान सिंह, रामकुमार वर्मा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। ज्ञापन देकर कहा कि जिला न्यायालय की स्थापना जिला मुख्यालय पर ही होनी चाहिए। क्योंकि जिलेभर के लोगों को जिला मुख्यालय पर ही अलग अलग कार्य से आना सुगम रहता है। यदि जिला न्यायालय की स्थापना कैराना में होती है, तो उससे काफी लोगों को परेशानियां उठानी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि जिला न्यायालय की स्थापना के लिए शामली जिला मुख्यालय पर स्थान भी उपलब्ध है। नगर पालिका की तरफ से रेलपार बाईपास स्थित संगम बारातघर का प्रस्ताव भी न्यायालय के लिए किया जा चुका है। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस लिहाज से जिला न्यायालय की स्थापना जनपद मुख्यालय पर ही होनी चाहिए। गौरतलब है कि दो महीना पूर्व भी जब यह चर्चा हुई थी कि जिला न्यायालय की स्थापना कैराना में होने जा रही है, उसके विरोध में जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने करीब 10 दिन से ज्यादा आंदोलन किया था। क्रमिक अनशन के साथ ही धरना प्रदर्शन और रजिस्ट्री दफ्तर में तालाबंदी कर दी गई थी। तब आश्वासन मिलने पर अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त किया था।
बावारिया कॉलोनी में लगेगी चौपाल
शामली। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक एनपी सिंह बृहस्पतिवार को शामली आ रहे हैं। वह बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न करीब साढ़े दस बजे झिंझाना क्षेत्र स्थित बावरिया कालोनी में चौपाल लगाएंगे। वहां लोगों की समस्या सुनने के साथ ही स्वरोजगार स्थापित करने के लिए लोगों को जागरूक भी करेंगे।