बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के प्रति किया जागरूक
शामली। आरके पीजी कॉलेज में शुक्रवार को एनएसएस शिविर के पांचवें दिन का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना व वंदेमातरम गीत के साथ हुआ। शिक्षकों ने सभी को जल संरक्षण के साथ ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के प्रति जागरूक किया।
आरके पीजी कॉलेज का प्राकृतिक चिकित्सालय में एनएसएस शिविर चल रहा है। जिसमें शिविर के प्रथम सत्र में डा. राजेश तोमर ने सभी छात्राओं को जल और उसके सेवन करने का तरीका बताया। उन्होंने बताया कि जल जीवन होने के साथ ही एक दवा भी है। यदि व्यक्ति सही समय पर जल का सेवन करें तो किसी भी प्रकार की बीमारी का शिकार नहीं हो सकता है। उन्होंने सभी को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल को बर्बाद न करने के लिए प्रेरित किया। द्वितीय सत्र में डाक्टर मनोज बालियान ने भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के बारे में सभी को विस्तार से बताया। सभी को समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। जिसके बाद शहर में रैली निकालकर लोगों को भ्रूण हत्या न करने के प्रति जागरूक किया और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।