नामांकन पत्र जमा कराने के लिए जाते समय आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में सपा से कैराना नगर पालिका चेयरमैन प्रत्याशी तथा उनके सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को सपा विधायक चौधरी नाहिद हसन के साथ पूर्व चेयरमैन व सपा प्रत्याशी राशिद अली ने नामांकन पत्र जमा कराया था। इस दौरान सपा समर्थकों ने जुलूस निकाला तथा जमकर ढोल बाजे बजाये थे। नामांकन पत्र जमा कराने के दौरान जुलूस में आतिशबाजी भी की गई थी। जुलूस के दौरान एसएसआई अमन सिंह ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन समर्थक भी नहीं माने थे, जिसके बाद पुलिस ने जुलूस की वीडियोग्राफी कराई थी। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में सपा प्रत्याशी राशिद अली के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियोग्राफी के आधार पर इसके अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
जनरेटर में आग लगी, मचा हड़कंप
कैराना। सोमवार सुबह सात बजे शामली रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर रखे जनरेटर में स्पार्किंग के कारण आग लग गई। कुछ ही देर में जनरेटर में भरे डीजल ने आग पकड़ ली तथा जनरेटर धू धू कर जलने लगा। जनरेटर में आग लगने से मौके पर अफरातफरी फैल गई। बाद में फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पानी डाल कर काबू पाया।