शामली। भारतीय जैन संघटना के तत्वावधान में शहर के हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय स्मार्ट गर्ल्स मेरी बेटी मेेरी शान कार्यक्रम का समापन हो गया। मुख्य अतिथि भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने छात्राओं को पढ़ाई के प्रति जागरूक करते हुए जिम्मेदारियों का अहसास कराया।
विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि आजकल छात्र छात्राएं सोशल मीडिया, व्हाट्सएप पर ज्यादा व्यस्त रहते हैं। ऐसी परिस्थिति में घर की जिम्मेदारी औ पढ़ाई से छात्र छात्राएं वंचित रह जाती हैं। देश तभी मजबूत होगा जब छात्र छात्राएं अपनी जिम्मेदारी को समझें। सभी को अपने माता पिता का आदर करना चाहिए और संस्कारों का ख्याल रखना चाहिए। प्रशिक्षिका डॉक्टर मृदुला जैन ने कहा कि अभिभावकों को भी अपनी लड़कियों पर ध्यान देना चाहिए। जिससे वह गलत रास्ते की ओर न भटक सकें। उनके साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए और अच्छे संस्कार देने चाहिए। उन्होंने सभी छात्राओं को पांच दिन तक दिए गए प्रशिक्षण में बताई गई बातों पर विशेष ध्यान देने और अमल करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान प्रधानाचार्या मीना कुमारी, भारतीय जैन संघटना के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित जैन, मुनीश संगल, राहुल गुप्ता, ब्रजभूषण, एसके जैन, नवनीत जैन, संजीव पंवार, बलजीत कौर और गुड़िया आदि मौजूद रहे।