ऋण अदा नहीं करने पर बैंक ने संपत्ति कब्जाई
शामली। शहर के सिंडिकेट बैंक शाखा से मेसर्स रिहान ट्रेडर्स के प्रोपराइटर नसीम निवासी मोहल्ला नोकुआं रोड ने कुछ साल पूर्व सात लाख रुपये ऋण लिया गया था। उसके सापेक्ष नई आबादी मोहल्ला पंसारियान स्थित संपत्ति को बंधक रखा गया था। काफी समय तक ऋण जमा नहीं कराया गया, जिसके चलते बैंक अधिकारियों ने नोटिस भी जारी किए। इसके बाद भी ऋण जमा नहीं होने पर बैंक ने बंधक संपत्ति पर कब्जा दिलाने के लिए न्यायालय से अनुमति ली। इसके चलते शुक्रवार को बैंक अधिकारी सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम शामली कोतवाली पहुंची। वहां से पुलिस को साथ लेकर नई आबादी मोहल्ला पंसारियान स्थित नसीम की संपत्ति (मकान) पर कब्जा ले लिया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उक्त संपत्ति का क्रय विक्रय बैंक की अनुमति के बगैर नहीं हो पाएगा।
हादसे में तीन लोग घायल
शामली। मेरठ रोड पर गांव झाल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार विनोद, विकास और ब्रह्मपाल घायल हो गए। उक्त तीनों लोग मेरठ के थाना सरधना क्षेत्र के गांव छुर के रहने वाले हैं। वह किसी कार्य से बाइक से शामली आ रहे थे। हादसे में घायल होने पर उक्त तीनों लोगों को शामली सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
छात्रों के दो गुटों में मारपीट
शामली। करनाल रोड स्थित आरके पीजी कॉलेज के गेट पर शुक्रवार दोपहर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट में मोहल्ला दयानंदनगर निवासी छात्र शुभम घायल हो गया। उसको शामली सीएचसी में लाकर उपचार कराया गया। सूचना पर छात्र के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने शामली कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।