शामली। पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान अमित कोरी और प्रदीप कुमार के परिजनों को मुंबई की दवा कंपनी के अधिकारियों ने पांच-पांच लाख रुपये के चेक सौंपे हैं। कंपनी के अधिकारियों शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया।
बुधवार को मुंबई की एक दवा कंपनी की सेल्स एंड मार्केटिंग के प्रेसीडेंट सन्नी भट्ट, राजेश कांडपाल, गौरव विश्नोई, विजय पांडेय, जयसिंह पहुंचे। दवा कंपनी के अधिकारी पहले शामली के मोहल्ला रेलपार में शहीद अमित कोरी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शहीद के शोक संतृप्त परिवार से मिलकर परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद उन्होंने शहीद की मां उर्मिला को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। इसके बाद कंपनी के अधिकारी कस्बा बनत में शहीद प्रदीप कुमार के आवास पर पहुंचे। यहां शहीद की पत्नी शर्मिष्ठा के नाम का पांच लाख रुपये का चेक छोटे भाई अमित कुमार को सौंपा। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि कंपनी की शहीद परिवारों के प्रति सहानुभूति है। मौके पर शामली नगरपालिका की चेयरपर्सन अंजना बंसल, बनत नगर पंचायत के अध्यक्ष राजीव कुमार, शामली के चिकित्सक डॉ. वेदभानू मलिक और डॉ. आरपी सिंह मौजूद रहे।