शामली। निषाद पार्टी की जन महाआक्रोश यात्रा का शामली पहुंचने पर कई स्थानों पर स्वागत किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद ने कहा कि आने वाले चुनाव में निषाद समाज देश की राजनीति की दिशा तय करेगा।
गौतमबुद्धनगर के दनकौर से शुरू हुई निषाद पार्टी की जन महाआक्रोश यात्रा रविवार को शामली पहुंची। यात्रा शामली के गांव उस्मानपुर, गोहरनी, शामली होते हुए कैराना पहुंची। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों ने स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी ही गरीबों, शोषितों, निर्बलों और मजलूमों की समस्याओं का समाधान कराएगी। उन्होने कहा कि जिसके पास वोट बैंक होता है, उसी के हाथ में राजनीतिक ताकत होती है। उप्र में आगामी चुनाव निषाद समाज निर्णायक भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मवीर कश्यप, जिला उपाध्यक्ष दुष्यंत कश्यप, प्रदीप कश्यप, अमित कश्यप, नफे सिंह कश्यप, नरेंद्र कश्यप, मुकेश, बालेंद्र, दीपक, चरण सिंह, पप्पन और मोजूराम आदि मौजूद रहे।