बेहोश होकर सड़क पर गिरे युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। शहर में मेरठ-करनाल हाईवे पर बलभद्र मंदिर के समीप एक युवक चलते हुए बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। लोगों की सूचना पर पुलिस युवक को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।
सोमवार दोपहर को युवक मेरठ-करनाल हाईवे पर पैदल जा रहा था। बलभद्र मंदिर के समीप अचानक उसे चक्कर आया और वह बेहोश होकर गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर शव की शिनाख्त नरेंद्र निवासी गांव बहावड़ी के रूप में हुई। उसकी जेब से दर्द निवारक दवा मिली। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल में पहुंचे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर परिजनों को शव सौंप दिया।