अंधता निवारण के लिए चलेगा व्यापक अभियान
शामली।
नेत्र रोगियों के परीक्षण कराने और मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए शासन के निर्देश पर व्यापक अभियान चलेगा। जुलाई से दिसंबर माह तक प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर नेत्र परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे, तो मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित मरीजों को शामली सीएचसी लाकर ऑपरेशन कराया जाएगा।
यह सबकुछ राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत होना है, जिसके लिए जुलाई से दिसंबर तक तिथि वार रोस्टर बना दिया गया है। इसकी शुरुआत तीन जुलाई (मंगलवार) को ऊन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से होगी। सीएमओ डॉक्टर राजकुमार तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष कुमार ने बताया कि नेत्र रोगियों के परीक्षण के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर शिविर लगाने का जुलाई से दिसंबर तक पूरा रोस्टर बना दिया गया है। कार्यक्रम से जुड़े चिकित्सकों और अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। स्वास्थ्य केंद्रों पर नेत्र परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे, जबकि मरीजों को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाकर मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाएगा।
जुलाई माह में नेत्र परीक्षण शिविर
03 व 27 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन
06 व 31 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झिंझाना
10 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़ाना
13 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन
17 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना
20 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला
23 जुलाई - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली
---- अधिकारियों की जिम्मेदारियां हैं निर्धारित
- प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्धारित तिथि में नेत्र परीक्षण कराए जाने के दौरान संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के नेत्र परीक्षण अधिकारी नामित कर दिए हैं। कैराना और झिंझाना केंद्र पर राजेंद्र कुमार, थानाभवन और ऊन केंद्र पर आलोक कुमार अग्रवाल, शामली में रीतू रानी, कांधला और कुडाना में प्रविंद्र कुमार को नेत्र परीक्षण अधिकारी नामित किया गया है। मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित मरीज को शामली सीएचसी लाया जाएगा। नेत्र परीक्षण अधिकारी राजकुमार ऑपरेशन के दौरान ओटी में उपस्थित रहेंगे।