शामली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘भाजपा सरकार का पोल खोलो अभियान’ के तहत हुई बैठक में कांग्रेस के पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा किसान विरोधी सरकार हर मुद्दे पर फेल हुई। महंगाई, गुंडागर्दी से किसान, व्यापारी-मजदूर तंग आ चुका है।
सोमवार को कांधला ब्लाक के एलम नगर पंचायत सभागार में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बैठक हुई। जिसमें पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने भाजपा की जन विरोधी नीतियों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां औद्योगिक घराने को लाभ पहुंचाने का काम कर रही हैं। गरीब, किसान और मजदूर इस सरकार में परेशान है। किसानों की आय को दुगनी करने का सपना दिखाया जा रहा है। खाद के दाम बढ़ाकर यूरिया का वजन कम कर दिया गया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार में केवल यूपीए सरकार की योजनाओं को खत्म करने पर लगी है। देेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। गन्ना किसानों का बकाया गन्ना भुगतान चीनी मिलों द्वारा नहीं किया जा रहा है। बैठक में सुलतान सिंह, राजपाल सिंह, बाबूखान, महेंद्र शर्मा, सुबोध चौधरी, राजेश कश्यप, उदयबीर सिंह, वीरेंद्र सिंह, राम किशोर पारचा, लोकेश राणा, जहागीर सिंह, अशोक जैन, जेके जैन मौजूद रहे।