शामली। इस बार ईद की मिठास महंगी होगी। ईद पर बनने वाली मीठी शीर में डाले जाने वाले सूखे मेवों की कीमतों में भारी उछाल आया है। गोले की बात करें तो बीते वर्ष से इस साल उसके दाम दोगुने हो गए हैं। वहीं चीनी भी पिछले एक सप्ताह के दौरान करीब चार रुपये प्रति किलो महंगी हो गई। जिस कारण लोगों पर महंगाई की मार पड़ रही है।
ईद पर मुस्लिम परिवारों में शीर बनाने का रिवाज है। जिसमें मेवों का बड़ी मात्रा में इस्तेमाल किया जाता है। इस बार महंगाई बढ़ने से ईद के त्योहार की मिठास कम होने वाली है। क्योंकि पिछले वर्ष के मुकाबले गोले का दाम दोगुना हो गया है। पहले गोले का दाम 100 से 110 रुपये प्रति किलो था। जबकि इस बार गोला 210 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं छुआरे के दामों में भी 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। पिछले एक सप्ताह में चीनी के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है। चीनी का दाम 28 रुपये से बढ़कर 32 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। यामीन और बंतीखेड़ा के इकरामूू दीन ने बताया कि बढ़ती महंगाई के कारण ईद का त्योहार फीका पड़ जाएगा। जिस कारण लोग शीर और खीर में पहले जितनी सामग्री नहीं डाल सकेंगे। केेवल काम चलाऊ ही सामान खरीदना पड़ेगा।
त्योहार पर बिकने वाली सामग्री के दामों की सूची
वस्तु ----------पिछले वर्ष के दाम------------इस वर्ष के दाम
गोला-----------100 से 110----------------------200 से 210
बादाम गीरी---------660----------------------------680
छुआरे-----------40 से 80------------------------60 से 100
काजू-------------770------------------------------800
पिस्ता-----------1700-----------------------------1800
सिवईयां---------35--------------------------------40