शामली। नगर निकाय चुुनाव के दो दिन शेष हैं और प्रत्याशियों का भी पूरे जोश के साथ प्रचार प्रसार जारी है। वहीं शहर के वोटर भी अलग अलग प्रत्याशियों के बारे में चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
रविवार को नगर निकाय चुनाव के नजदीक होने के चलते अमर उजाला टीम ने शहर के विवेक बिहार स्थित वार्ड 21 में तिराहे पर चुनावी चर्चा कर रहे लोगों से बातचीत की। इस दौरान सुबोध और अरुण ने कहा कि भाई हम इस बार उस प्रत्याशी को ही वोट देंगे जो विकास कार्यों को कराने के लिए पैसे का सही प्रयोग करेगा और पारदर्शी ढंग से सुनियोजित विकास कराएगा। अजय और विनोद का कहना था कि अबकी बार ऐसा प्रत्याशी चुनेंगे जो शहर का सौंदर्यीकरण कराए और ट्रैफिक जाम की समस्या का निस्तारण कराए। वहीं, बब्बर मान और ओमपाल का कहना है कि उस प्रत्याशी को ही वोट देना चाहिए जो शहर की सड़कों और गलियों की सफाई पर विशेष ध्यान देगा। वह कह रहे कि सड़क अच्छी होगी तो शहर की सुंदरता बढ़ेगी।
जाम और हादसों पर कुछ हद तक ब्रेक लगेगा। कभी कभी सड़क के गड्ढों के कारण मनुष्य की जान चली जाती है। जितेंद्र पंवार, गौरव, विनोद, निशांत और विवेक कह रहे कि शहर में जो प्रत्याशी शहर के नालों और नालियों की नियमित समय पर सफाई कराते हुए गलियों में जलभराव और कूडे़दान की कॉलोनी में सही व्यवस्था कराएगा उसे ही हमारा वोट मिलेगा।