यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को बैंकों की हड़ताल रहेगी। बैंकों की हड़ताल को सफल बनाने के लिए जिले के बैंक कर्मियों ने सोमवार की शाम पांच बजे भारतीय स्टेट बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सोमवार की शाम पांच बजे यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के सचिव इंद्रपालराठी के नेतृत्व में जिले के सभी बैंक कर्मियों ने हनुमान रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के बाहर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। बैंक कर्मियों ने केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की आलोचना की। चेतावनी दी कि यदि उनकी 11 सूत्रीय मागों को पूरा नहीं किया गया तो 22 अगस्त मंगलवार को बैंक में राष्ट्रव्यापी हड़ताल रहेगी। सार्वजनिक क्षेत्र में बैंकों का निजीकरण किए जाने का विरोध, बैंकों के विलय को रोके जाने, कारपोरेट अनार्जक आस्तियों को बट्टे खाते में न डालने, बैंक ऋणों को न चुकाना फौजदारी अपराध घोषित किए जाने आदि मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। इस दौरान संजय जैन, रामपाल, सुशील कुमार गौतम, धर्मेंद्र, आलोक, मनोहर गौतम, मुक्ता, मदन, अशोक बंसल, निशांत, देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार, अभिषेक, रोहित, संतराम, अशुंल, सुनील कुमार मौजूद रहे।