उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण बोर्ड द्वारा संचालित निर्माण कामगार मृत्यु एवं विकलांगता सहायता योजना तथा अन्त्येष्टि सहायता योजना के तहत मृतक आश्रितों को 27 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
सहायक श्रम आयुक्त घनश्याम सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत पंजीकृत श्रमिकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता दिलाई जाती है। इसके तहत महरोज, रामपाल, रव कुमार, सुबलेश, महिपाल, बाला, सोहनवीरी, कविता पत्नी स्वर्गीय मुकेश, कविता पत्नी स्वर्गीय राजीव, तराबुद्दीन, कमला को दो-दो लाख रुपये, सुदेश पत्नी स्वर्गीय सुंदरलाल को एक लाख रुपये सहायता राशि दी गई। यह धनराशि जिलाधिकारी से स्वीकृति मिलने के बाद मृतक आश्रितों के बैंक खातों में भिजवा दी गई है। उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों के हितार्थ बोर्ड द्वारा शिशु हितलाभ, मातृत्व हितलाभ, मेधावी छात्र पुरस्कार योजना, संत रविदास छात्रवृति सहायता योजना, सौर ऊर्जा सहायता योजना, कौशल विकास सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना एवं आवास सहायता योजना संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पंजीकृत श्रमिक ही ले सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक को किया सम्मानित
शामली। शहर काजी मोहम्मद रागिब के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने बुधवार रात पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा को उनके कैंप कार्यालय पर फूल माला पहनाकर और शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके और कैराना क्षेत्र में एनकाउंटर में दो ईनामी बदमाशों को मारकर पुलिस ने बहादुरी का कार्य किया है, जिससे अपराधियों पर लगाम लगेगी। इस दौरान मोहम्मद आसिम, मौलाना शौकीन, हाजी मोहम्मद इकराम, डाक्टर कुंवर महबूब अली खां, मुफ्ती मोहम्मद कासिम, मौलवी अकरम, हाजी मोहम्मद आफाक, नवाब अली तथा हकीम शमीम मौजूद रहे।
उधर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने बताया कि कैराना में दो बदमाशों का एनकाउंटर करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित करने के लिए शनिवार शाम हनुमानधाम अग्रसैन भवन में समारोह आयोजित किया जाएगा। उसमें डीआईजी सहारनपुर को भी आमंत्रित किया गया है।