अतिक्रमण हटवाने के लिए कस्बा कांधला के लोगो ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। कोई अधिकारी ज्ञापन लेने मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सहारनपुर मंडलायुक्त को फोन से इस बारे में शिकायत की है।
नगर पालिका कांधला ने कई दिन पूर्व कस्बे में अतिक्रमण हटाने के लिए सार्वजनिक सूचना दी थी। उसके बाद भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया था। बृहस्पतिवार को पालिका की टीम अतिक्रमण हटवाने पहुंची लेकिन व्यापारियों के विरोध के चलते अतिक्रमण नहीं हट पाया था।
वहीं, शुक्रवार को नवीन मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष जाहिद राज, राष्ट्रीय युवजन सभा के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय और फैसल बेग के नेतृत्व में लोगों ने पालिका कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। कस्बे के लोगों ने मौके पर ज्ञापन देने के लिए अधिकारी को बुलाने की मांग की। लेकिन ज्ञापन लेने के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इस पर लोगों ने एसडीएम को बुलाने की मांग की। आशुतोष पांडेय ने जिलाधिकारी से शिकायत की, लेकिन फिर भी कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इसके बाद आशुतोष पांडेय ने सहारनपुर मंडलायुक्त को मोबाइल फोन पर शिकायत कर नगरपालिका कार्यालय में गैर हाजिर कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की।