अब शामली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को टिकट के लिए लाइन में लगकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिस तरह एटीएम से नकदी निकाली जाती है, वैसे ही रेलवे स्टेशन पर टिकट वितरण के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। चार मशीनें लगाई जाएंगी, जो रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुकी हैं।
इन टिकट मशीनों को कैश कम कोइन टिकट वेंडिंग मशीन (सीओटीवीएम) नाम दिया गया है। मशीन में नकदी और सिक्के डालकर अपने गंतव्य के लिए टिकट प्राप्त किया जा सकेगा। इन मशीनों के स्थापित होने के बाद रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदने के लिए मारामारी भी बंद हो जाएगी। शुक्रवार को उक्त मशीनें शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई, लेकिन अभी इन्हें स्थापित नहीं किया गया है। मालूम चला है कि मशीनों को संचालित करने के लिए दिल्ली से विशेषज्ञों की टीम शामली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद मशीनों के प्रयोग के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। उधर, स्टेशन अधीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि टिकट वेंडिंग मशीनों की स्थापना रेलवे स्टेशन पर होगी, मशीनें आ गई हैं, लेकिन अभी उन्हें संचालित नहीं किया गया है। दिल्ली से टीम आकर ही इन्हें संचालित करेगी।