ईद के मद्देनजर खरीदारी करने के लिए करनाल गए चौसाना निवासी परिवार की कार नहर में गिर गई। हादसे में परिवार के सदस्यों की मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम पसर गया। परिवार के लोग चौसाना से करनाल के लिए रवाना हो गए। उनके घर पर ताला लगा रहा।
चौसाना निवासी फैजान (37) की दो शादियां हुई। पहली पत्नी अफरोज से चार बच्चे हैं, जबकि दूसरी पत्नी अमीर बानो से एक बेटा और एक बेटी है। शनिवार को फैजान कार से अपनी पत्नी अमीर बानो, बहन अफसरा, बेटी अक्शा (तीन ) और बेटे शाहिद के साथ करनाल से खरीदारी करने गया था। शाम को सूचना मिली कि उनकी कार करनाल में गंजोगढ़ी गांव के पास आब्रदन नहर में गिर गई, जिसमें फैजान की पत्नी की मौत हो गई है तथा बच्चों का पता नहीं चला है। इसके बाद चौसाना से उनके परिवार के लोग मकान पर ताला बंद करके अन्य ग्रामीणों के साथ करनाल रवाना हो गए। उधर, यह भी मालूम चला कि फैजान के ससुरालियों ने हादसे को लेकर फैजान पर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते फैजान शक के घेरे में आ रहा है। परिवार के लोग करनाल पुलिस से मामले की जांच करने की मांग कर रहे हैं, ताकि हादसे की सच्चाई सामने आ सके।