शादी अनुदान योजना पर खर्च होंगे 85 लाख
शामली। सामान्य एवं अनुसूचित जाति वर्ग की गरीब कन्याओं के लिए शादी अनुदान योजना के तहत जिले के 425 पात्र आवेदकों को लाभ मिलेगा। उत्तर प्रदेश शासन ने इस योजना के तहत शामली जिले को 85 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि भेज दी है। इसका लाभ 31 मार्च 2017 के बाद होने वाली शादियों पर ही पात्र आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन करने पर मिलेगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि गरीबों की कन्याओं की शादी, विवाह अनुदान योजना के तहत उत्तर प्रदेश शासन से 20,000 रुपये का अनुदान दिया जाता है। एक अप्रैल से शुरू हुए नए वित्तीय वर्ष में सामान्य वर्ग के 105 लाभार्थियों के लिए 21 लाख रुपये और अनुसूचित जाति के 320 लाभार्थियों के लिए 64 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च के बाद सामान्य एंव अनुसूचित जाति की कन्याओं की शादी पर परिजनों को बीस हजार रुपये के अनुदान के लिए आनलाइन आवेदन करना होगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2017 से पूर्व के शादी-विवाह का आवेदन करने वालों को इसका लाभ नहीं मिलेगा।