रेल राज्यमंत्री नानौता में आएंगे
- फोटो : प्रतीकात्मक
शामली। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने नानौता कार्यक्रम में बीस दिसंबर को आने की मुहर लगा दी है। वह स्पेशल ट्रेन से दोपहर एक बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे। यहां दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे लाइन के 1500 करोड़ रुपये की लागत से दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण की आधार शिला रखेंगे। बृहस्पतिवार को कार्यक्रम की तैयारी के मद्देनजर उत्तर रेलवे के एडीआरएम ने ननौता पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।
कैराना सांसद हुकुम सिंह के विशेष अनुरोध पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा शामली होकर नानौता रेलवे स्टेशन पर पहुुंचेंगे। वह यहां जनसभा को संबोधित करेंगे और रेलवे के विकास कार्यों की जानकारी देंगे। इसके बाद टपरी से होकर मेरठ के खरखौदा में रेलवे ओवर ब्रिज का शिलान्यास करेंगे। उधर, एडीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर होने वाली रेल राज्यमंत्री की सभा का स्थान चयन कर रेलवे अफसरों को दिशा निर्देश दिए और दिल्ली लौट गए।
उत्तर रेलवे के एडीआरएम के नानौता कार्यक्रम के मद्देनजर शामली रेलवे स्टेशन पर रेलवे के अफसर चाक चौबंद रहे। एडीआरएम शामली रेलवे स्टेशन पर नहीं रुक पाए। कैराना भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने बताया कि बीस दिसंबर को ननौता में होने वाली सभा के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।