जिले में 20 कोरोना पॉजिटिव मिले
शामली। जिले में कोरोना पॉजिटिव के 20 नए केस मिले हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 545 हो गई है।
सोमवार को आई सैंपलों की रिपोर्ट में शहर के विवेक विहार में 45 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। मोहल्ला दयानंद नगर, अग्रवाल कालोनी, हरदेव नगर, बड़ी आल, सीएचसी रोड, खत्रियान, विश्वकर्मा नगर में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। एकता कालोनी में महिला समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। हनुमान रोड पर दो व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इनके अलावा शामली में अलग-अलग स्थानों से तीन व्यक्ति की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव मिली है। गांव खेड़ीकरमू में 35 वर्षीय युवक, गांव खंदरावली में 22 वर्षीय, भूरा में 70 वर्षीय, कसेरवा कलां में 30 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। गांव मामौर में 27 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि सोमवार को जिले में कोरोना पॉजिटिव के 20 केस मिले हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 545 हो गई है।
सीएचसी में ओपीडी बंद, मरीज रहे परेशान
शामली। रविवार को सीएचसी शामली में फार्मासिस्ट के कोरोना संक्रमित मिले थे। सोमवार को सुबह सीएचसी खुली और ओपीडी में चिकित्सकों ने मरीजों की जांच शुरू की। रविवार केे अस्पताल बंद रहने के कारण सोमवार को सुबह से मरीजों की संख्या भी अधिक रही। इसके बाद करीब 11 बजे ओपीडी बंद कर दी गई। इस दौरान मरीजों को जांच और दवा देकर घर भेजा गया। इसके बाद आने वाले मरीजों को ओपीडी बंद मिली, जिससे मरीज बिना जांच और दवा के ही लौटने को मजबूर हुए। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डा. रमेश चंद्रा ने बताया कि रविवार को फार्मासिस्ट के कोरोना संक्रमित मिलने पर सोमवार को सुबह 11 बजे ओपीडी बंद कर सैनिटाइजेशन कराया गया है। सभी मरीजों की जांच कर दवा दी गई। सीएचसी में इमरजेंसी सेवा चालू रही है। मंगलवार को सीएचसी ओपीडी चालू रहेगी।
192 लोगों के सैंपल लिए
कैराना। सोमवार को स्वास्थ्य टीम ने सीएचसी व गांव भूरा में रेंडम सेंपलिंग अभियान के तहत कुल 192 लोगों के सैंपल लिए। टीम ने एंटीजन किट से 124 लोगों की जांच की। जांच में गांव भूरा निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति और गांव खंदरावली निवासी 35 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। टीम ने आरटीपीसीआर किट से 68 सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए हैं।