चिलचिलाती धूप में लोगों का हाल हुआ बेहाल
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। पिछले कई दिन से मौसम गर्म होता जा रहा है। गर्मी बढ़ने और तेज धूप से बचने को लोग जहां कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं। वहीं, सड़क पर चलने के दौरान मुंह और सिर पर कपड़ा लपेटकर चलने को मजबूर रहे।
अप्रैल माह में कभी मौसम नरम तो कभी गर्म चल रहा है। पिछले कई दिन से तेज धूप खिलने के कारण दिन पर दिन मौसम गर्म होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा चलने से लोग परेशान रहे। गर्मी से बचने के लिए लोगों को पंखे और कूलर का सहारा ले रहे है। पंखे से गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली है। दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से लोग बचते हुए नजर आए। जो लोग सड़कों पर पैदल या दोपहिया वाहन पर निकले तो गर्मी से बचाव के लिए मुंह और सिर पर कपड़ा लपेटे हुए दिखाई दिए। उधर, गर्मी होने पर गेहूं की पछेती फसल भी पकने लगी है। अगेती गेहूं की फसल की कटाई शुरू हो चुकी है, जबकि पछेती के पकने में अभी समय लगने की उम्मीद थी, लेकिन जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है, उसे देखते हुए किसानों ने उम्मीद जताई कि पछेती फसल भी जल्द पककर तैयार हो जाएगी।