जिले के सभी विद्यालयों में परीक्षा आज
शामली। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता व छात्र छात्राओं के बौद्धिक स्तर का परीक्षण व गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए कक्षा तीन से लेकर कक्षा आठ तक की विद्यालय में शुक्रवार को परीक्षा होगी। सभी विद्यालयों में 60 हजार छात्र छात्राएं हिस्सा लेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा ने बताया कि कक्षा तीन से लेकर आठ तक छात्र-छात्राओं की एक परीक्षा आओ जाने क्या सीखा का आयोजन कराया जा रहा है। परीक्षा से छात्र-छात्राओं व अध्यापकों के मध्य प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी। शिक्षा की गुुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा। परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं व कक्षा के अध्यापकों को जिलास्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक फरवरी को विद्यालय स्तर पर हिंदी, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, सामान्य ज्ञान, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, सामान्य विज्ञान, पर्यावरण, खेलकूद, कंप्यूटर, कृषि विज्ञान, अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी, जिसमें 100 अंकों की परीक्षा होगी। आठ फरवरी को न्याय पंचायत स्तर पर, 15 फरवरी को ब्लाक स्तर व जनपद स्तर पर 21 फरवरी को परीक्षा होगी। विद्यालय स्तर की परीक्षा में उत्तीर्ण व 50 प्रतिशत, अथवा उससे अधिक अंक लाने वाले छात्र छात्राओं व न्याय पंचायत स्तर पर होने वाली परीक्षा में हिस्सा लेंगे। न्याय पंचायत स्तर पर होने वाली परीक्षा में उत्तीर्ण व 60 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक लाने वाले छात्र छात्राएं ब्लाक स्तर की परीक्षा में शामिल होंगे। ब्लाक स्तर की परीक्षा में उत्तीर्ण व 70 प्रतिशत अथवा उसे अधिक अक लाने वाले छात्र-छात्राएं जिला स्तर की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। एक फरवरी को परीक्षाएं सभी विद्यालयों में होगी । परीक्षा को सफल बनाने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को ब्लाक समन्वयक ों के पांच सचल दस्ते बनाए गए हैं।