विशेष कैंप में पीएम आवास योजना के आवेदन जमा
अमर उजाला ब्यूरो
शामली/ कैराना/ थानाभवन। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रों के आवेदन जमा करने के लिए जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा ने शामली, कैराना और थानाभवन में विशेष कैंप लगाए गए।
रविवार को नगरपालिका परिसर में सुबह दस बजे से विशेष कैंप लगाया गया। इस कैंप में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्रों से आवेदन लिए गए। इस दौरान कैंप में लगभग 250 आवेदन जमा हुए। कैंप में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत पक्का मकान बनाने के लिए पात्रों को ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
कैराना में नगर पालिका परिसर में डूडा विभाग की और से तीन दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कच्चे मकानों को पक्का बनाने के लिए गरीब पात्र परिवारों के फार्म जमा कराए गए। रविवार को पहले ही दिन 300 से अधिक फार्म जमा हुए। तीन दिन तक कैंप के दौरान जमा होने वाले फार्मों के आधार पर डूडा विभाग सर्वे कर पात्रों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद शासन द्वारा पात्र लोगों के खाते में मकान बनाने के लिए आनलाइन किस्त आएगी। कैंप के दौरान डूडा विभाग के सचिन कुमार चौहान, शोहित कुमार, पंकज, अमित चौहान, अलीशान आदि मौजूद रहे।
अधिकारियों को मिल रही थी शिकायत
थानाभवन। रविवार को नगर पंचायत सभागार में कैंप लगाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लोगों के फार्म भरे गए । पात्र लोगों का इस योजना से वंचित रह जाने के कारण अधिकारियों को शिकायत मिल रही थी। इस पर संज्ञान लेेने के बाद प्रशासन ने नगर पंचायत थानाभवन में आवेदन जमा करने के लिए कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में डूडा विभाग की टीम के साथ नगर पंचायत कर्मचारी और सभासदों का सहयोग रहा।