शामली। गन्ना माफिया पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ने एसडीएम की अध्यक्षता में जांच दल गठित कर दिया है। यह जांच दल गन्ना समिति कार्यालय, चीनी मिलों एवं अन्य ऐसे स्थान पर छापामारी करेगा, जहां से गन्ना माफियाओं अपना कार्य संचालित कर रहे है।
जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती ने बताया कि संजय आर भूसरेड्डी, प्रमुख सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग ने चीनी मिलों को चलवाने, किसानों के संशोधन एवं अंतिम गन्ना कैलेंडर वितरण पर निरंतर नजर बनाए रखने के साथ गन्ना माफियाओं पर कठोर कार्रवाई करने के लिए मंडलायुक्त सहारनपुर को निर्देश दिए है। मंडलायुक्त सहारनपुर के निर्देश पर डीएम अखिलेश कुमार ने सभी उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में प्रत्येक गन्ना समिति क्षेत्र में चार सदस्यीय जांच दल गठित कर दिए है। गठित जांच दल गन्ना समिति शामली, गन्ना समिति थानाभवन और गन्ना समिति ऊन क्षेत्र में गन्ना माफिया पर कठोर अंकुश लगाने के लिए काम करेंगे।
उन्होंने बताया कि चीनी मिल शामली एवं चीनी मिल ऊन को सरकार की ओर से सॉफ्ट लोन स्वीकृत किए जाने तथा चीनी मिल थानाभवन के सॉफ्ट लोन का प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने के बाद जल्द ही जनपद की चीनी मिलों द्वारा संपूर्ण गन्ना भुगतान वितरित कर दिया जाएगा। जनपद में प्रत्येक दिन कैलेंडर वितरण से गन्ना समिति में किसानों की भीड़ निरंतर घटती जा रही है।