शामली। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दिल्ली से शामली होकर हरिद्वार जाने वाली कांवड़ स्पेशल ट्रेन का संचालन शनिवार की रात से शुरू हो गया। इस ट्रेन का संचालन 10 अगस्त तक होगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली से हरिद्वार जाने वाली स्पेशल ट्रेन का गत वर्ष रेलवे ने संचालन नहीं किया था। मगर, इस बार कांवड़ियों की सुविधा के मद्देनजर रेलवे ने श्रावण मास शुरु होते ही दिल्ली से हरिद्वार के लिए कांवड़ स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। उत्तर रेलवे यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि हरिद्वार कांवड़ स्पेशल ट्रेन रात आठ बजे दिल्ली से चलकर 11 बजे शामली रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है। यहां आधा घंटे रुक कर हरिद्वार के लिए रवाना होगी। एक बजे हरिद्वार पहुंचती है। यहां एक घंटे बाद ही यानि दो बजे हरिद्वार से चलकर ट्रेन शामली अगले दिन सुबह छह बजे पहुंचेगी। टीआई ने बताया कि हरिद्वार कांवड़ स्पेशल ट्रेन 10 अगस्त तक चलेगी।
उधर, जिला प्रशासन ने पानीपत- कोटद्वार कांवड़ मार्ग पर बनत कृष्णा नदी के पुल से लेकर धीमानपुरा फाटक पर बिजली के पोल लगाकर ट्यूब लाइट, एलईडी लगाने का काम तेज कर दिया है। करमूखेडी यमुना पुल से लेकर कैराना बाइपास तक जिले के उद्यमियों के सहयोग से बिजली पोल लगाकर लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।
दिव्यांग भी लेकर आया कांवड़
शामली। शिव भक्त कांवड़ियों के आवागमन में तेजी आई है। हरियाणा के हांसी के दिव्यांग महावीर शर्मा हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए है। कहना है कि वह 20 वर्ष से से कांवड़ लेकर आ रहा है। शिवरात्रि को हांसी में भगवान शिव का जलाभिषेक करेगा।